ग्वालियर। Gwalior शहर से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग लड़के को पोल से बांधकर बेरहमी से पीटा जा रहा है। यह घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो शहर के Bahodapur इलाके का है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ बदमाशों ने एक नाबालिग को पोल से बांध दिया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान बदमाश उस पर रौब झाड़ते हुए गालीगलौज भी करते नजर आए और पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
वीडियो में नाबालिग के शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान भी साफ दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने इलाके के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, पुलिस ने भी तुरंत संज्ञान लिया और वीडियो में दिखाई दे रहे नाबालिग की पहचान के साथ-साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Jairaj Kuber ने बताया कि फिलहाल थाने में इस मामले को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वीडियो में दिखाई दे रही गंभीर घटना को देखते हुए पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेकर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

