भोपाल। Mohan Yadav ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं और ऐसे समय में राहुल गांधी को सच्चाई समझनी चाहिए तथा देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ हल्की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव की वजह से अंतरराष्ट्रीय हालात गंभीर बने हुए हैं। ऐसे माहौल में दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi के लिए जिस तरह की भाषा राहुल गांधी इस्तेमाल कर रहे हैं, वह पूरी तरह अनुचित है और इसकी निंदा की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया इन चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत सरकार गैस सिलेंडर और तेल जैसी जरूरी चीजों की आपूर्ति को बेहतर तरीके से संभाल रही है। सरकार ने युद्ध जैसे हालातों के बीच भी तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए देश में व्यवस्था बनाए रखने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब सब समझ रही है और यही कारण है कि कांग्रेस लगातार सत्ता से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता जिस तरह की राजनीति कर रहे हैं, वह किसी षड्यंत्र से कम नहीं है।
मोहन यादव ने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में सभी राजनीतिक दलों को पक्ष और विपक्ष की भावना से ऊपर उठकर देश और जनता के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लोगों के बीच डर का माहौल बनाने के बजाय उन्हें एकजुट करने का प्रयास करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस देश और प्रदेश दोनों जगह गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कर रही है।

