शहडोल। Shahdol जिले में रसोई गैस को लेकर हड़कंप जैसी स्थिति बनती नजर आ रही है। Israel, United States और Iran के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हालात कुछ और ही कहानी बता रहे हैं। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लगी लंबी कतारें और अब सामने आया कालाबाजारी का वीडियो प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
शहडोल और आसपास के इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं, जिससे गैस की किल्लत की चर्चा और तेज हो गई है। इसी बीच बुढ़ार क्षेत्र स्थित ऋचा गैस गोदाम से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी होती दिखाई दे रही है।
वायरल वीडियो में गैस एजेंसी का एक कर्मचारी एक व्यक्ति को तय कीमत से ज्यादा पैसे लेकर सिलेंडर देता हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद एक अन्य उपभोक्ता ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जा रही है।
उधर इस पूरे मामले पर Vivek Tankha ने भी प्रतिक्रिया दी है। शहडोल में आयोजित एक स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव का असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है। उन्होंने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि इस समय अमेरिका दुनिया का दादा बनने की कोशिश कर रहा है और उसकी दादागिरी का असर अन्य देशों पर भी पड़ रहा है। इसी वजह से गैस जैसी जरूरी चीजों की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

