इटारसी। न्यास कॉलोनी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक 19 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भाट मोहल्ला निवासी बंटा उर्फ जयदीप भाट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक के पेट में सात से आठ बार चाकू से वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि जयदीप अपनी बहन के घर का सामान ट्रैक्टर ट्रॉली में भरवा रहा था। इसी दौरान वहां खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली को हटाने को लेकर उसका मनोज राजपूत से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई और मामला हिंसक रूप ले बैठा।
परिजनों का आरोप है कि यह हत्या केवल ट्रॉली हटाने के विवाद की वजह से नहीं बल्कि पुरानी रंजिश के कारण की गई है। उनका कहना है कि मनोज राजपूत अपने तीन साथियों के साथ जयदीप को न्यास कॉलोनी के नाले के पास ले गया, जहां उस पर चाकू से कई वार किए गए और गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजन थाने पहुंच गए और उन्होंने थाना परिसर का घेराव कर विरोध जताया। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

