शादी हॉल संचालक के घर से रायफल और 99 कारतूस बरामद, आरोपी आलम अली पुलिस रिमांड पर

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी हॉल संचालक के घर से पुलिस ने रायफल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के घर से एक नहीं बल्कि दो रायफल और कुल 99 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। इस मामले में आरोपी आलम अली के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक क्राइम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऐशबाग इलाके के अहाता मनकशा के पास रहने वाला आलम अली अपने घर में अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कोर्ट से सर्च वारंट हासिल किया और इसके बाद टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को एक 22 बोर की हाई पावर रायफल और दो जिंदा कारतूस मिले, वहीं एक अन्य 22 बोर की रायफल के साथ 97 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने सभी हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं।

पूछताछ में आरोपी आलम अली ने बताया कि उसने ये दोनों रायफल और सभी जिंदा कारतूस अपने एक परिचित व्यक्ति से खरीदे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है जिसने आरोपी को ये अवैध हथियार बेचे थे, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *