लखनऊ. पांच राज्यों के चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग, भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराना चाहिए और किसी भी राजनीतिक दल की कठपुतली की तरह काम नहीं करना चाहिए। अखिलेश यादव का आरोप है कि एसआईआर के दौरान यह देखा गया कि चुनाव आयोग, भाजपा और प्रशासन एक साथ मिलकर काम कर रहे थे और यह चुनाव लूटने की तिकड़ी बन गई थी। उनका कहना है कि बड़े पैमाने पर धांधली की साजिश रची गई और वोट कटवाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को एकजुट कर रही है और इसी उद्देश्य से पीडीए बनाया गया है, ताकि सभी मिलकर अपने सम्मान और अधिकार के लिए संघर्ष कर सकें।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक गैंग की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रयागराज के माघ मेले में पूज्य शंकराचार्य को गंगा स्नान करने से रोककर उनका अपमान किया और उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश भी की गई। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार के समय आगरा में छत्रपति शिवाजी के नाम पर देश का सबसे बड़ा म्यूजियम बनाया जा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उस योजना को रोक दिया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो छत्रपति शिवाजी के नाम पर एक हजार एकड़ में भव्य पार्क बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी के लोग बहुजन समाज के महान नेता मान्यवर कांशीराम को याद कर रहे हैं। अखिलेश यादव के मुताबिक कांशीराम ने बहुजन समाज को जागरूक करने में बहुत बड़ा योगदान दिया और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के रास्ते पर चलकर लोगों को अधिकार और न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ी। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि मान्यवर कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में समाजवादी पार्टी ममता बनर्जी का समर्थन कर रही है और चाहती है कि वे फिर से मुख्यमंत्री बनें।

