MP में असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम का विरोध! मुस्लिम त्योहार कमेटी ने पुलिस-प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 15 सितंबर 2026 को प्रस्तावित एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने पुलिस और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की अनुमति तत्काल रद्द करने की मांग की है।

कमेटी का कहना है कि भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब और शहर की शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द किया जाना चाहिए। कमेटी ने आशंका जताई है कि उनके बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और शहर का माहौल खराब हो सकता है।

कमेटी ने उस स्थान को लेकर भी सवाल उठाए हैं, जहां कार्यक्रम की अनुमति दिए जाने की बात कही जा रही है। कमेटी के मुताबिक सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में फिलहाल गणेशोत्सव के दौरान कई धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भी हो रहे हैं। ऐसे में वहां इस कार्यक्रम को लेकर कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल को लेकर चिंता जताई गई है।

अपने ज्ञापन में कमेटी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का भी हवाला दिया। कमेटी का कहना है कि जब टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के आधार पर अनुमति नहीं दी गई थी, तो इसी आधार पर असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को भी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

15 सितंबर को प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर मुस्लिम त्योहार कमेटी के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने के हित में अनुमति वापस लेने का आग्रह किया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस ज्ञापन और उठाई गई आपत्तियों पर क्या फैसला लेता है और क्या ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति बरकरार रहती है या उसे रद्द किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *