खंडवा। खंडवा में पुलिस ने 40 साल से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि जिस आरोपी पर 24 साल की उम्र में एक युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा था, वह अब 64 साल की उम्र में पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी से उसकी पुरानी करतूत के बारे में पूछा गया, तो उसने कहा कि उसे याद ही नहीं है कि उसने किसे छेड़ा था।
CSP अभिनव बारंगे के मुताबिक साल 1986 में खंडवा निवासी अशोक सिंह के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई थी। लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी दोबारा कोर्ट की पेशी पर नहीं पहुंचा और फरार हो गया।
समय बीतता गया और आरोपी करीब 40 साल तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। हाल ही में कोर्ट की ओर से उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश फिर तेज कर दी। टीआई विकास खिंची और हेड कांस्टेबल रफीक खान की टीम ने आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस जब जलेबी चौक स्थित उसकी कटिंग की दुकान पर पहुंची तो दुकान बंद मिली। इसके बाद उसके घर पर भी तलाश की गई, लेकिन वहां भी ताला लगा हुआ था। पुलिस लगातार आरोपी की जानकारी जुटाती रही और आखिरकार मुखबिर से उसके बारे में अहम सूचना मिली।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बस स्टैंड स्थित गन्ने की चरखी की दुकान के पास दबिश दी और आरोपी अशोक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक 40 साल के दौरान आरोपी का हुलिया और चेहरा काफी बदल चुका था, लेकिन परिजनों से मिली जानकारी और अन्य पुख्ता इनपुट के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी अशोक को न्यायालय में पेश कर दिया है। 40 साल तक फरार रहने के बाद हुई इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर दिखाया है कि कानून की नजर से बचना आसान नहीं है, चाहे आरोपी कितने ही साल तक अपनी पहचान और ठिकाना क्यों न बदलता रहे।

