2500 के लालच में गंवाए एक लाख से ज्यादा रुपये, क्रेडिट कार्ड पॉइंट रिबेट के नाम पर साइबर ठगी

इंदौर। इंदौर में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है और लोग छोटी रकम के लालच में बड़ी ठगी का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामले में बदमाशों ने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिबेट का झांसा देकर एक युवक के खाते से एक लाख चार हजार चार सौ अट्ठाईस रुपये निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और अब मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक विजय नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले मनोज पाल को एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक से जुड़ा कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड में करीब ढाई हजार रुपये के रिवॉर्ड पॉइंट पड़े हुए हैं। अगर इन्हें अभी रिडीम नहीं किया गया तो यह पॉइंट खत्म हो जाएंगे।

लालच में आकर मनोज पाल ने ठग की बातों पर भरोसा कर लिया। इसके बाद ठग ने रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उनसे दो बार ओटीपी मांगा। जैसे ही मनोज पाल ने ओटीपी साझा किया, कुछ ही मिनटों में उनके खाते से एक लाख चार हजार चार सौ अट्ठाईस रुपये कट गए।

ठगी का पता चलते ही मनोज पाल तुरंत विजय नगर थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के अनुसार अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, कार्ड नंबर या किसी भी तरह की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। इसके बावजूद लोग इस तरह के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी अब लोगों को छोटे फायदे का लालच देकर उन्हें अपना निशाना बना रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल पर सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *