भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले कई दिनों से चल रहे एलपीजी संकट के बीच अब राहत भरी खबर सामने आई है। ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई दोबारा शुरू कर दी है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी भोपाल में रविवार को करीब 14 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जबकि एक दिन पहले ही लगभग 11 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी की गई थी। भोपाल के साथ-साथ इंदौर, ग्वालियर और अन्य प्रमुख शहरों में भी गैस सप्लाई की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आ रही है।
राज्य सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस पूरे मामले पर मंत्रिमंडल की समिति लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए गैस सिलेंडरों की सप्लाई को सुचारू बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब व्यावसायिक जरूरतों को भी ध्यान में रखते हुए कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू कर दी गई है।
दरअसल पिछले सप्ताह से गैस संकट का सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ा था। कई जगहों पर खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हों और लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा था। अब सप्लाई बहाल होने से करीब 50 हजार से अधिक व्यावसायिक संस्थानों को राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी तेज करने के साथ-साथ ब्लैक मार्केटिंग पर भी सख्त नजर रखी जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि घबराकर बार-बार बुकिंग न करें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि सप्लाई व्यवस्था संतुलित बनी रहे।

