भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Digvijaya Singh और कांग्रेस नेता Manoj Shukla के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों नेताओं ने हिंदू मतदाताओं को निशाना बनाकर उन्हें परेशान करने की कोशिश की है। इस मामले में एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए गलत शिकायत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में रिटर्निंग ऑफिसर और बीएलओ की जांच में सभी मतदाता सही पाए गए थे। प्रतिनिधि मंडल का कहना है कि दिग्विजय सिंह और मनोज शुक्ला की ओर से दबाव बनाकर कुछ लोगों से एफिडेविट लगवाए गए थे। इसके जवाब में प्रतिनिधि मंडल ने निर्वाचन अधिकारी को संबंधित रहवासी मतदाताओं के काउंटर एफिडेविट भी सौंप दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक रहवासी मतदाता पोखरलाल साहू और हमीर सिंह यादव ने भी निर्वाचन अधिकारी के सामने अपने काउंटर एफिडेविट जमा कराते हुए अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि जो शिकायत की गई थी वह गलत और भ्रामक है।
दरअसल 7 मार्च को दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में दावा किया गया था कि भोपाल के नरेला क्षेत्र की रतन कॉलोनी में एक ही घर में करीब 30 सदस्य मतदाता के रूप में दर्ज हैं।
हालांकि प्रतिनिधि मंडल का आरोप है कि यह शिकायत झूठी थी और लोगों को धमकाकर उनसे हस्ताक्षर करवाए गए थे। उनका कहना है कि एसडीएम स्तर पर हुई जांच में यह दावा गलत साबित हो गया है। इसलिए अब उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि इस तरह की भ्रामक शिकायत करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

