इंदौर में डॉक्टरों का कमाल, 6.3 किलो का विशाल ट्यूमर निकालकर महिला को दी नई जिंदगी

इंदौर। मध्यप्रदेश के Indore में डॉक्टरों की एक टीम ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने चिकित्सा जगत में एक मिसाल कायम कर दी है। Index Super Speciality Hospital में 36 वर्षीय महिला के शरीर से 6.3 किलो वजन का विशाल ओवरी ट्यूमर सफलतापूर्वक निकालकर उसे नई जिंदगी दी गई।

डॉक्टरों के मुताबिक यह ट्यूमर इतना बड़ा हो चुका था कि महिला की आंतों पर दबाव डाल रहा था, जिससे उसे लगातार दर्द और पेट में सूजन की समस्या हो रही थी। करीब 3 घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन में डॉक्टरों ने बिना ट्यूमर को फटे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने में सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार बागली निवासी महिला पिछले 6 महीनों से असामान्य मासिक धर्म से परेशान थी, जबकि पिछले 2 महीनों से उसके पेट में लगातार सूजन बढ़ रही थी और एक महीने से तेज दर्द बना हुआ था। जांच में सामने आया कि उसके शरीर में करीब 27 सेंटीमीटर का बड़ा ओवरी ट्यूमर मौजूद है, साथ ही गर्भाशय में 6 सेंटीमीटर और 3.1 सेंटीमीटर के दो फाइब्रॉयड भी पाए गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी।

हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का फैसला लिया और जटिल ऑपरेशन कर ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। फिलहाल ट्यूमर को जांच के लिए हिस्टोपैथोलॉजी विभाग भेजा गया है और महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।

इस सफल सर्जरी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सही समय पर इलाज और डॉक्टरों की कुशलता से असंभव लगने वाली परिस्थितियों को भी बदला जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *