इंदौर में ‘बस्ती बेमिसाल अभियान’ की शुरुआत, स्लम बस्तियों में भी स्वच्छता की नई दौड़

इंदौर। देश में स्वच्छता में नंबर-वन बने रहने के लिए मध्यप्रदेश के Indore में अब नगर निगम ने स्लम बस्तियों पर खास फोकस शुरू कर दिया है। 17 मार्च से 23 मार्च तक शहर की 29 स्लम बस्तियों में “बस्ती बेमिसाल अभियान” चलाया जा रहा है, जिसमें स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान की शुरुआत वार्ड क्रमांक 31 की शिवनगर बस्ती से हुई, जहां महापौर Pushyamitra Bhargav और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने रहवासियों के साथ स्वच्छता चौपाल लगाकर सीधे संवाद किया।

महापौर ने साफ कहा कि सिर्फ बड़ी कॉलोनियां ही नहीं, बल्कि स्लम बस्तियां भी इंदौर को नंबर-वन बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर की पहचान केवल पॉश इलाकों से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों और खासकर महिलाओं की भागीदारी से बनी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर-घर कचरा अलग-अलग करें, गुटखा-तंबाकू के दाग खत्म करें और सफाई को अपनी आदत बनाएं।

शिवनगर बस्ती को एक उदाहरण के तौर पर सामने रखा गया, जहां शत-प्रतिशत शौचालय होने से यह अन्य बस्तियों के लिए प्रेरणा बन रही है। 18 से 22 मार्च तक बस्तियों में सफाई, पौधारोपण, पेंटिंग और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जबकि 23 मार्च को स्लम कार्निवाल आयोजित किया जाएगा।

इस कार्निवाल में स्वच्छता चैंपियन सम्मान, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम, वॉल पेंटिंग और 3R यानी Reduce, Reuse, Recycle से जुड़े आयोजन होंगे।

नगर निगम का लक्ष्य साफ है कि हर बस्ती, हर गली और हर घर स्वच्छ बने, तभी इंदौर की नंबर-वन पहचान मजबूत रहेगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और शहर को फिर से स्वच्छता में अव्वल बनाने में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *