मध्यप्रदेश के Dhar में चर्चित सेंट टेरेसा जमीन घोटाले को लेकर अब मामला और गरमा गया है। करीब 250 करोड़ रुपये के इस बड़े घोटाले में ईसाई समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मसीह अस्पताल से जुड़े इस मामले में समाज के लोगों ने सुधीर जैन, सुधीर दास और अंकित वडेरा समेत अन्य आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि अस्पताल की बेशकीमती जमीन को गलत तरीके से खुर्दबुर्द किया गया।
बताया जा रहा है कि यह जमीन वर्षों पहले धार महाराज द्वारा महिला अस्पताल के संचालन के लिए दान में दी गई थी, जहां लंबे समय तक अस्पताल भी संचालित हुआ, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया और कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन को अपने नाम कर लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई में हाल ही में इस घोटाले के मास्टरमाइंड माने जा रहे सुधीर जैन को Indore से गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले 4 सालों से फरार था। उसे पहले ही भगोड़ा घोषित किया जा चुका था और उस पर इनाम भी रखा गया था।
जांच में सामने आया है कि जमीन से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर इस संपत्ति को करोड़ों में बेचा गया। इस पूरे मामले में कई रसूखदार लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर पुलिस पहले ही कार्रवाई कर चुकी है।
ईसाई समाज ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को सख्त सजा दी जाए और जमीन को उसके मूल उद्देश्य के लिए सुरक्षित किया जाए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले समय में इस घोटाले से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

