शहडोल में अवैध उत्खनन का बड़ा खेल, सरकारी मशीन से मिट्टी चोरी कर रेलवे को बेचे जाने का आरोप

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के अमलाई क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और अवैध उत्खनन का बड़ा खेल उजागर हुआ है, नगर परिषद बरगवां-अमलाई के उपाध्यक्ष राज तिवारी पर आरोप है कि उनके संरक्षण में कोयला खदान से मिट्टी चोरी कर रेलवे के काम में खपाई जा रही थी।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि नगर परिषद की जेसीबी मशीन का इस्तेमाल बिना किसी अनुमति के खदान क्षेत्र में किया जा रहा था, बताया जा रहा है कि मशीन को मौके पर बुलाने के लिए मरी हुई गाय को दफनाने का बहाना बनाया गया, लेकिन असल में वहां से मिट्टी निकालकर ट्रैक्टरों के जरिए अमलाई रेलवे स्टेशन भेजी जा रही थी।

स्थानीय सूत्रों और वायरल वीडियो के अनुसार, बीते दो दिनों में करीब 40 से 50 ट्रैक्टर मिट्टी रेलवे परिसर में डाली जा चुकी है, जहां प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए यह मिट्टी उपयोग में लाई जा रही थी, हालांकि रेलवे के इंजीनियरों और ठेकेदार का कहना है कि उन्हें मिट्टी के अवैध स्रोत की जानकारी नहीं थी।

मामला सामने आने के बाद कोल इंडिया के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पुष्टि की कि उत्खनन उनकी जमीन पर ही हो रहा था, जिसके बाद अधिकारियों ने पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है, वहीं रेलवे के अधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर जांच में मिट्टी चोरी की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेके को रद्द कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *