लखनऊ.सरोजनीनगर के बंथरा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों ने जहर खाकर सुसाइड करने की कोशिश की, जिसमें मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में मौजूद छोटे बेटे ने पिता की चीख-पुकार सुनी और दौड़कर कमरे में पहुंचा, जहां उसने पिता को उल्टी करते देखा, इसके बाद वह घबराकर मां और बड़े भाई के कमरे में पहुंचा, लेकिन वहां दोनों को मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए।
छोटे बेटे ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए अपने पिता को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मां और बेटे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान तारावती और संदीप के रूप में हुई है, वहीं पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि “हम लोग सुसाइड कर रहे हैं, इसमें किसी का कोई दोष नहीं है।”
फिलहाल इस खौफनाक घटना के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि इस सामूहिक आत्मघाती कदम के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

