मधुमक्खियों का हमला, खेत में बकरी चराने गए परिवार पर टूटा कहर

शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के लोहरवास में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खेत में बकरी चराने गए एक परिवार पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, इस हमले में दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि दंपति जंगल में बकरी चरा रहे थे, इसी दौरान उन्होंने एक पेड़ के पास अगरबत्ती जला दी, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि उसी पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता मौजूद है, जैसे ही अगरबत्ती का धुआं छत्ते तक पहुंचा, मधुमक्खियां भड़क उठीं और अचानक हमला कर दिया।

हमला इतना तेज था कि मौके पर मौजूद सभी लोग घबरा गए और खुद को बचाने की कोशिश में इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मधुमक्खियों ने चार लोगों को बुरी तरह काट लिया, जिससे वे घायल हो गए।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, डॉक्टर अरुण पाटीदार के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और इलाज जारी है।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि जंगल या खेतों में आग या धुआं करने से पहले आसपास के माहौल का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे में बदल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *