अवैध रेत उत्खनन का खतरनाक खेल, भागते ट्रैक्टर के पलटने से 8 मजदूर घायल

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अवैध रेत उत्खनन का काला खेल एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है, जहां माइनिंग टीम की दबिश की सूचना मिलते ही भगदड़ मच गई और रेत से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, इस दर्दनाक हादसे में करीब 8 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है।

यह घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के बिजौरी इलाके की है, जहां लंबे समय से नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल चल रहा था, हादसे के वक्त मजदूर ट्रैक्टर में रेत लोड कर रहे थे, तभी माइनिंग टीम के आने की खबर फैलते ही अफरा-तफरी मच गई और चालक तेजी से ट्रैक्टर लेकर भागने लगा।

भागने की जल्दबाजी में चालक ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया, जिससे उसमें सवार मजदूर उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए, सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हैरानी की बात यह है कि रेत माफिया और उनके सहयोगियों ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए घायलों को जिला अस्पताल ले जाने के बजाय सीधे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक तीन मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

गौरतलब है कि शहडोल जिले में लंबे समय से अवैध रेत खनन का कारोबार बेखौफ जारी है, जबकि पहले भी इस काले खेल के चलते कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें सरकारी कर्मचारियों तक की जान जा चुकी है और कई बार अधिकारियों पर हमले भी हुए हैं।

इसके बावजूद अवैध उत्खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे यह कारोबार अब सीधे लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है और प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *