सागर। मध्य प्रदेश के Sagar जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां सानौधा थाना क्षेत्र के टोल नाके के पास चलती कार अचानक आग का गोला बन गई और कार में सवार महिला जिंदा जल गई, जबकि उसके डॉक्टर पति समय रहते बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए।
जानकारी के मुताबिक गढ़ाकोटा निवासी डॉ. नीलेश कुर्मी अपनी पत्नी सीमा कुर्मी के साथ सागर की ओर जा रहे थे, तभी चनाटोरिया के पास अचानक कार में आग लग गई, डॉक्टर के अनुसार वह खुद तो बाहर निकल आए, लेकिन उनकी पत्नी कार से बाहर नहीं निकल सकीं और आग में जलकर उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद मृतक महिला के परिजनों ने पूरे मामले पर गंभीर संदेह जताया है, महिला के भाई लोकेश पटेल का कहना है कि अगर यह सिर्फ हादसा होता तो मौके पर एक्सीडेंट के निशान जरूर मिलते, उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन और जीजा के बीच पहले से विवाद चल रहा था और यह मामला संदिग्ध लग रहा है।
परिजनों का दावा है कि पहले उन्हें फोन कर बताया गया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है, फिर कुछ देर बाद एक्सीडेंट और आग लगने की जानकारी दी गई, जिससे पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है, वहीं सानौधा थाना पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

