कचरे से सड़क निर्माण पर सियासी घमासान, कांग्रेस का हमला तो बीजेपी का पलटवार, NHAI ने दी सफाई

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी Bhopal में कचरे से सड़क निर्माण के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है, जहां एक तरफ कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं तो वहीं बीजेपी ने पलटवार करते हुए जांच की बात कही है, इस बीच National Highways Authority of India ने भी पूरे मामले पर अपनी सफाई पेश की है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सड़कों का निर्माण अजूबे की तरह हो रहा है, नेशनल हाईवे कुछ ही महीनों में खराब हो रहे हैं और जनता के टैक्स और कर्ज के पैसों से भ्रष्टाचार किया जा रहा है, उन्होंने आरोप लगाया कि तय मानकों का पालन नहीं हो रहा और कई जगह पुल गिरने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

वहीं बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अगर कहीं गड़बड़ी सामने आती है तो सरकार तुरंत संज्ञान लेती है, जांच के निर्देश दिए गए हैं और दोषी पाए जाने पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाने से लेकर ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच NHAI ने स्पष्ट किया है कि भोपाल के आदमपुर खंती में वर्षों से जमा कचरे का उपयोग अब वैज्ञानिक तरीके से सड़क निर्माण में किया जा रहा है, अयोध्या बायपास के करीब 16 किलोमीटर चौड़ीकरण और NH-146 प्रोजेक्ट में इस प्रोसेस्ड वेस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे एक तरफ इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और दूसरी तरफ पुराने कचरे का निस्तारण भी हो सकेगा।

NHAI के मुताबिक कचरे का उपयोग करने से पहले उसके सैंपल का लैब में परीक्षण किया गया है ताकि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा पालन हो सके, इस पहल के तहत करीब 10 लाख मीट्रिक टन कचरे का उपयोग प्रस्तावित है, जिससे न सिर्फ सड़क निर्माण को गति मिलेगी बल्कि पर्यावरण को भी फायदा होगा।

बताया गया है कि आदमपुर खंती के आसपास रहने वाले लोगों को लंबे समय से बदबू, प्रदूषण और धुएं की समस्या का सामना करना पड़ रहा था, अब इस पहल से कचरे का वैज्ञानिक निपटान होगा और क्षेत्र का वातावरण साफ और सुरक्षित बन सकेगा, जिससे लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *