ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पहले झूठी सूचना देकर DIAL-112 को बुलाया और फिर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश कर डाली।
जानकारी के मुताबिक हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के फदलपुर गांव में रहने वाले मनोज कुशवाह ने खुद के साथ मारपीट होने की झूठी सूचना दी थी, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक नशे में मिला और उसने पुलिसकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान आरोपी ने अचानक पेट्रोल की बोतल निकाली और कॉन्स्टेबल अनिल कुशवाह पर पेट्रोल उड़ेल दिया, इसके बाद जेब से माचिस निकालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मी ने तुरंत झपट्टा मारकर माचिस छीन ली और बड़ा हादसा टल गया।
इस दौरान आरोपी और पुलिसकर्मी के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें कॉन्स्टेबल की वर्दी तक फाड़ दी गई, हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ झूठी सूचना देने, शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

