मध्य प्रदेश के Chhindwara जिले के अमरवाड़ा में उस वक्त दहशत फैल गई जब एक पागल आवारा कुत्ते ने पूरे इलाके में आतंक मचा दिया, कुत्ते ने अलग-अलग जगहों पर हमला कर 6 लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया, जिनमें 5 साल की मासूम बच्ची से लेकर 65 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे से शुरू हुआ यह हमला शाम तक जारी रहा, कुत्ता अचानक लोगों पर झपट रहा था और देखते ही देखते एक के बाद एक लोग उसकी चपेट में आते गए, जिससे पूरे शहर में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में पचकोड़ी वंशकार और अहिल्या डेहरिया को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, सभी को एंटी रेबीज वैक्सीन और जरूरी इलाज दिया गया है।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है, स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आज यह बड़ा हादसा सामने आया है।
घटना के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं, खासकर बच्चे और बुजुर्ग सहमे हुए हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने रेबीज के खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
फिलहाल प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनका टीकाकरण और नियंत्रण के लिए जल्द से जल्द अभियान चलाया जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो सकें।

