इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में अब पानी की समस्या से राहत मिलने की बड़ी तैयारी हो चुकी है, जहां 29 मार्च को दशहरा मैदान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव 1356 करोड़ रुपये की नर्मदा चतुर्थ चरण जल परियोजना का भूमिपूजन करने जा रहे हैं, इस योजना को शहर में 24×7 जल सप्लाई व्यवस्था लागू करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है
इस परियोजना के तहत शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरी जल सप्लाई व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा, योजना में 40 नई पानी की टंकियों का निर्माण किया जाएगा और कई पुराने टैंकों को मजबूत किया जाएगा ताकि हर इलाके में पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंच सके
करीब 1600 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी जिसमें फीडर लाइन, ग्रेविटी मेन लाइन और वितरण पाइपलाइन शामिल होंगी, इससे शहर के सभी जोनों में समान रूप से पानी पहुंचाना संभव होगा और सप्लाई सिस्टम पहले से ज्यादा मजबूत बनेगा
इस योजना के तहत करीब 2 लाख 47 हजार नए घरेलू नल कनेक्शन दिए जाएंगे और बड़ी संख्या में वाटर मीटर लगाए जाएंगे, साथ ही SCADA आधारित स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया जाएगा जिससे जल वितरण पर रियल टाइम नजर रखी जा सकेगी और लीकेज या पानी की बर्बादी पर तुरंत नियंत्रण किया जा सकेगा
इस परियोजना की खास बात यह है कि शहर के साथ-साथ आसपास के 29 गांवों तक भी नर्मदा का पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को समान रूप से फायदा मिलेगा
खालसा चौक, लवकुश विहार, निरंजनपुर, ट्रेजर टाउन, पलदा, पंचवटी, विजय नगर, शिवाजी नगर, गांधी नगर, हवा बंगला और छोटा बांगड़दा जैसे कई इलाकों में नई पानी की टंकियां बनाई जाएंगी, सरकार का दावा है कि यह नर्मदा परियोजना इंदौर के भविष्य को सुरक्षित करने वाली बड़ी योजना साबित होगी और मुख्यमंत्री के हाथों होने वाला यह भूमिपूजन शहर की जल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है

