भोपाल। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद सियासत तेज हो गई है, जहां विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कांग्रेस विधायक दल की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है, उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए प्रदेश सरकार की नीतियों पर कई गंभीर सवाल भी खड़े किए
उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और अब तक एक समान मुआवजा नीति क्यों नहीं बनाई गई, उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे हादसों के लिए स्पष्ट और एकरूप नीति बनाई जाए, साथ ही उन्होंने 4 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी रखी, उनका कहना है कि पिछले 5 साल में प्रदेश में 65 हजार से ज्यादा सड़क हादसे हुए हैं और इसके बावजूद सरकार के पास गरीबों के लिए ठोस नीति नहीं है
गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत लाखों कनेक्शन दिए गए लेकिन लोगों को समय पर गैस नहीं मिल रही है, छोटे व्यापारियों और आम लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, उन्होंने सवाल उठाया कि अगर हालात और बिगड़ते हैं तो सरकार की क्या तैयारी है
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी उन्होंने सरकार से एक्साइज ड्यूटी कम करने और आम जनता को राहत देने की मांग की, वहीं धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो लोग अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन करते हैं वह संविधान के तहत उनका अधिकार है, लेकिन जबरदस्ती या दबाव में होने वाले धर्मांतरण पर सख्त रोक लगनी चाहिए
इसके अलावा जमीन की बढ़ती गाइडलाइन दरों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि एक तरफ सरकार कर्ज ले रही है और दूसरी तरफ जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाया जा रहा है, उन्होंने सवाल किया कि आखिर आम जनता को इसका क्या फायदा मिल रहा है, कुल मिलाकर उन्होंने सरकार की नीतियों को आम जनता के लिए असफल बताते हुए कई अहम मुद्दों पर जवाब मांगा है

