दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया में बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया और गोली लगते ही पार्षद की मौके पर ही मौत हो गई, घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सेवड़ा चुंगी के पास की बताई जा रही है, जहां अज्ञात बदमाशों ने पार्षद को निशाना बनाया, जानकारी के मुताबिक मृतक कल्लू कुशवाहा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और एक हत्या के मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी थी, वे कुछ ही दिन पहले पेरोल पर जेल से बाहर आए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं इस हत्याकांड के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने मारी, हालांकि शुरुआती जांच में पुरानी दुश्मनी को इस हत्या की वजह माना जा रहा है, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और मामले की जांच जारी है।

