दमोह में बारिश का कहर! कच्चे मकान की दीवार ढही, मलबे में दबने से महिला की मौत

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पथरिया थाना क्षेत्र के सतपारा गांव में कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबने से 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।

बारिश के बीच अचानक ढह गई दीवार

जानकारी के मुताबिक, सतपारा गांव की रहने वाली अनुसुइया पति भागीरथ सेन बारिश के दौरान मिट्टी से बने मकान के एक कमरे में बैठी थीं। इसी दौरान पहले मकान का छज्जा गिरा और उसके बाद अचानक दीवार भी ढह गई। महिला मलबे में दब गई।

हादसे की आवाज सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक, अस्पताल लाए जाने तक महिला की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी के मुताबिक, कच्चे मकान की दीवार गिरने से महिला की मलबे में दबकर मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बारिश के मौसम में कच्चे मकानों और कमजोर निर्माण वाली दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में दमोह की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *