शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी स्थित श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक रोते हुए और बेहद परेशान हालत में अस्पताल के डॉक्टरों पर अपने बीमार पिता के इलाज में कथित लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाता नजर आ रहा है।
‘पिता जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे, डॉक्टर PUBG खेल रहे थे’
वायरल वीडियो में युवक ने अस्पताल में तैनात कुछ डॉक्टरों का नाम लेते हुए दावा किया कि जब उसके पिता की हालत गंभीर थी, तब डॉक्टर इलाज पर ध्यान देने के बजाय मोबाइल में PUBG गेम खेलने में व्यस्त थे।
युवक का आरोप है कि उसके पिता को समय पर उचित इलाज नहीं मिल सका और बाद में उन्हें दूसरे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया। युवक का दावा है कि इसी दौरान उसके पिता की मौत हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद उठे गंभीर सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं और डॉक्टरों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। युवक ने भावुक होकर अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की है।
हालांकि डॉक्टरों पर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि घटना के समय डॉक्टर वास्तव में क्या कर रहे थे और मरीज को किस स्थिति में रेफर किया गया था।
जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी सच्चाई
मामले की वास्तविकता निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को लेकर क्या कदम उठाते हैं और क्या पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जाती है।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो अस्पताल की व्यवस्थाओं और गंभीर मरीजों के इलाज के दौरान डॉक्टरों की जिम्मेदारी को लेकर एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर रहा है।

