नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में हनुमान जयंती से ठीक एक दिन पहले एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां असामाजिक तत्वों ने तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर के बरेली गांव स्थित हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, अज्ञात लोगों ने मंदिर में घुसकर हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया और उसे मंदिर से बाहर फेंक दिया, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में जमा हो गए और इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभालते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह वारदात रात के समय हुई, जब कुछ लोग मंदिर में घुसे और इस घटना को अंजाम दिया, हनुमान जयंती जैसे पवित्र अवसर से ठीक पहले हुई इस घटना ने लोगों की भावनाओं को आहत कर दिया है और पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके, फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

