उज्जैन में कांग्रेस का महंगाई और बिजली दर बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

 उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में बढ़ती महंगाई, ईंधन की किल्लत, गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और 1 अप्रैल से प्रस्तावित बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतर आई, शहर और जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर बिजली दर बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देवास गेट चौराहे से मालीपुरा होते हुए एटलस चौराहे तक रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है और जीवन यापन कठिन होता जा रहा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में केंद्र सरकार पर गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने और पेट्रोल-डीजल की किल्लत पैदा करने का आरोप लगाया गया, वहीं प्रदेश सरकार पर लगातार बिजली बिल बढ़ाने को लेकर निशाना साधा गया, उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल से फिर बिजली दर बढ़ाने से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

इसके साथ ही गेहूं खरीदी की तारीख 1 अप्रैल से बढ़ाकर 10 अप्रैल करने पर भी कांग्रेस ने विरोध जताया, नेताओं का कहना है कि इससे किसानों को मजबूरी में अपनी फसल कम दामों पर बेचनी पड़ेगी, जो किसानों के साथ अन्याय है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, वहीं पार्षद अर्पित दुबे ने दावा किया कि गैस, पेट्रोल और डीजल की किल्लत के कारण लोगों को महंगे दामों पर ईंधन खरीदना पड़ रहा है, जिससे आम जनता परेशान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *