रोड की मांग पर भड़के महापौर पति, बोले- कोई वादा किया था क्या? वीडियो वायरल

बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहान नगर निगम में महापौर पति और पूर्व महापौर अतुल पटेल के बिगड़े बोल का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब इस पर सवाल उठने लगे हैं।

दरअसल लक्ष्मी नगर और कैलाश मानसरोवर कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासी अतुल पटेल को रोककर अपनी समस्या बता रहे थे, लेकिन इसी दौरान महापौर पति जनता पर ही भड़क गए और तीखे शब्दों में जवाब देने लगे।

उन्होंने लोगों से कहा कि जब मैं वोट मांगने आया था तब क्या मैंने कोई वादा किया था कि सड़क बनवाऊंगा या कोई काम करवाऊंगा, इतना ही नहीं उन्होंने गुस्से में आकर सड़क निर्माण रुकवाने तक की धमकी दे दी, जिससे मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।

महापौर पति ने कॉलोनी को अवैध बताते हुए कहा कि यहां के काम की जिम्मेदारी कॉलोनाइजर की है, जबकि क्षेत्रवासियों का कहना है कि कॉलोनी टीएनसीपी से अप्रूव है और सड़क बनवाना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि ही इस तरह का व्यवहार करेंगे तो जनता अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाएगी, फिलहाल यह वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *