भोपाल में तीसरे आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में विजय मेवाड़ा हत्याकांड से जुड़ी बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां इस मामले के तीसरे आरोपी आसिफ का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है, बताया जा रहा है कि पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी, तभी रातीबड़ इलाके के पास उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पूरा मामला अशोका गार्डन थाना क्षेत्र का है, जहां प्रभात पेट्रोल पंप के पास मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने होटल संचालक विजय मेवाड़ा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था, पेट और छाती पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद शहर में आक्रोश फैल गया था, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपी फरमान और इमरान को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरा आरोपी आसिफ फरार हो गया था, जिस पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

इधर इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने भी प्रदर्शन किया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई, वहीं मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने परिजनों से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई तेज कर दी है, इलाके में हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *