इंदौर। देश में लगातार बढ़ रहे सोने के दामों का असर अब धार्मिक स्थलों पर भी दिखाई देने लगा है, इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में बनने वाले पांच स्वर्ण मुकुटों का काम फिलहाल रुक गया है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार इन मुकुटों के निर्माण के लिए पहले ही एक समिति बनाई गई थी और प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी थी, लेकिन जैसे-जैसे सोने के दाम तेजी से बढ़े, दानदाताओं का रुझान कम होता चला गया और काम बीच में ही अटक गया।
मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट ने बताया कि जब इस योजना की शुरुआत हुई थी, तब सोने का भाव करीब 65 से 70 हजार रुपये प्रति तोला था, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच गया है, जिससे परियोजना की लागत काफी बढ़ गई है।
बताया गया कि मुकुट का डिजाइन और डेमो तैयार हो चुका है और भगवान गणेश के लिए करीब 7 किलो सोने का मुकुट बनना था, हालांकि अभी मंदिर के पास करीब 5 किलो सोना ही उपलब्ध है, जिससे निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
मंदिर प्रशासन अब एक बार फिर श्रद्धालुओं और दानदाताओं से स्वर्ण दान की अपील करने की तैयारी कर रहा है, ताकि इस योजना को दोबारा शुरू कर पूरा किया जा सके और भगवान गणेश के लिए भव्य स्वर्ण मुकुट तैयार हो सके।

