खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन शहर के आनंद नगर इलाके में सुबह एक ऐसा हादसा हुआ जिसने हर किसी को सन्न कर दिया, जहां एक बाइक सवार युवक के गले के आर-पार लोहे का सरिया घुस गया और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ता नजर आया।
जानकारी के मुताबिक, सींट्रिंग का काम करने वाला सद्दाम अहमद अपनी बाइक पर लोहे का सरिया लेकर जा रहा था, तभी उसने एक स्कूल बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान सरिया बस से टकराया और सीधा उसके गले में जा धंसा, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
गले में करीब चार इंच गहरा घाव और लगातार बहते खून के बीच युवक दर्द से तड़पता रहा, लेकिन इसी बीच इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिली, जब एक ऑटो चालक ने बिना देर किए घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
वहीं इस घटना के दौरान 108 एम्बुलेंस सेवा पर भी सवाल खड़े हुए, जहां आरोप है कि एम्बुलेंस चालक ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई और वीडियो बनने के बाद ही मरीज को शिफ्ट किया।
यह हादसा एक बार फिर बता गया कि सड़क पर जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, खासकर ओवरटेक जैसी जल्दबाजी कभी-कभी जिंदगी पर भारी पड़ जाती है।

