धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
ग्राम सिरसोदिया में आयोजित ‘मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना’ के तहत हुए इस आयोजन में करीब 400 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री ने स्वयं अभिभावक की भूमिका निभाते हुए सभी जोड़ों पर पुष्पवर्षा की और कहा कि बेटियों की शादी बोझ नहीं बल्कि वरदान है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में विवाह एक पवित्र और महत्वपूर्ण संस्कार है, जिसे पाणिग्रहण संस्कार भी कहा जाता है, और सरकार की इस योजना ने गरीब परिवारों की बड़ी चिंता को दूर किया है।
इसके बाद मुख्यमंत्री जैन तीर्थ मोहनखेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने आचार्य श्री नित्यसेन सूरीश्वरजी महाराज से आशीर्वाद लिया और पारणा महोत्सव में शामिल होकर अहिंसा परमोधर्म के सिद्धांत और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर अपने विचार रखे।
मोहनखेड़ा तीर्थ में दर्शन वंदन करने के बाद मुख्यमंत्री ने अन्य संतों से भी आशीर्वाद लिया और फिर हेलीकॉप्टर से इंदौर के लिए रवाना हो गए, इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप भी मौजूद रहे।

