अक्षय तृतीया पर महाकाल दरबार में दिव्य आम्र अभिषेक… अलौकिक रूप के दर्शन से भक्त भावविभोर

उज्जैन। वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दरबार में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां तड़के भस्म आरती से पहले मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकालेश्वर का दूध, दही और घी के साथ-साथ ताजे आम के रस से विशेष आम्र अभिषेक किया गया, इस अनोखे अभिषेक ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का भांग से श्रृंगार किया गया और मस्तक पर चांदी के शेषनाग के साथ उनका रूप बेहद मनमोहक नजर आया, वहीं महानिर्वाणी अखाड़े द्वारा भस्म अर्पित होते ही गर्भगृह दिव्य आभा से जगमगा उठा और हर ओर भक्ति का माहौल छा गया।

शंखनाद और डमरुओं की गूंज के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने महाकाल के इस निराकार से साकार हुए अद्भुत स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया और पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *