हल्दी लगाए दूल्हे की शिकायत निकली फर्जी… जांच में खुद ही निकला अतिक्रमणकर्ता

इंदौर। कलेक्टर जनसुनवाई में उस वक्त हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जब हल्दी लगाए और गले में माला पहने एक दूल्हा अपनी शिकायत लेकर पहुंच गया, शादी की तैयारियों के बीच पहुंचे इस दूल्हे ने घर के सामने नाले और रास्ते पर अतिक्रमण की बात कही, लेकिन जांच शुरू होते ही पूरी कहानी पलट गई।

ग्राम अम्बामोलिया निवासी उमेश गंगोलिया की शिकायत पर कलेक्टर ने तुरंत जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद एसडीएम की टीम मौके पर पहुंची और सच्चाई सामने आई, पता चला कि जिस नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की जा रही थी, उसी पर खुद दूल्हे ने करीब 3×30 फीट तक कब्जा कर रखा था।

इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दूल्हे समेत 12 अन्य लोगों के अतिक्रमण को भी हटवा दिया, यह नाला गांव और खेतों के पानी की निकासी का अहम रास्ता था, जो लंबे समय से अवरुद्ध हो रहा था, कार्रवाई के बाद रास्ता साफ हुआ तो ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

शादी के मौके पर सहानुभूति लेने की कोशिश करने वाला दूल्हा आखिरकार खुद ही कार्रवाई की जद में आ गया और प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई से गांव के लोग खुश नजर आए, जिन्होंने इसके लिए प्रशासन का आभार भी जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *