विधायक प्रीतम लोधी पर घिरा सियासी घेरा, नोटिस के बाद बोले— पार्टी जो कहेगी वही करूंगा

भोपाल। बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी अपने वायरल वीडियो के बाद पार्टी दफ्तर पहुंचे, जहां उन्होंने साफ कहा कि उन्हें मीडिया के जरिए नोटिस की जानकारी मिली है और अब वे पार्टी अध्यक्ष से मिलकर नोटिस लेकर उसका जवाब देंगे, उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी निर्देश देगी, वे उसी के अनुसार जवाब देंगे चाहे वह मौखिक हो या लिखित, और सच्चाई सभी के सामने है।

प्रदेश अध्यक्ष की ओर से उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है, जिस पर पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और कानून सबके लिए समान है, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अपनी मर्यादा और सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी को भी गलत आचरण की छूट नहीं दी जा सकती।

दरअसल मामला उस वक्त सामने आया जब विधायक के बेटे द्वारा तेज रफ्तार थार गाड़ी से राहगीरों को कुचलने का आरोप लगा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो विधायक के कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें वे पुलिस अधिकारियों को धमकाते नजर आए, बताया जा रहा है कि करेरा एसडीओपी द्वारा बेटे को थाने बुलाने से नाराज होकर उन्होंने यह बयान दिए।

प्रीतम लोधी का आपराधिक रिकॉर्ड भी चर्चा में है, जिसमें कई गंभीर धाराओं के तहत पुराने मामलों का जिक्र किया जा रहा है, हालांकि इस पूरे मामले में अब सभी की नजर पार्टी की अगली कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *