सागर में सीएम मोहन का बड़ा हमला, कांग्रेस पर जमकर बरसे और विकास योजनाओं की सौगात

सागर/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के नरयावली में 58 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से 98 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, इस दौरान उन्होंने सांदीपनि विद्यालय का उद्घाटन कर बच्चों से संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी दिया, कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन से हुई जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड की धरती को वीरों की भूमि बताते हुए भगवान श्री कृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण दिया और कहा कि यह विद्यालय सिर्फ एक इमारत नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण के जीवन की लीलाएं हमें संघर्ष और धर्म की स्थापना का संदेश देती हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कभी महिलाओं को सम्मान नहीं दिया और लोकसभा में महिला आरक्षण को लेकर जो हुआ वह द्रौपदी चीरहरण जैसा है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को अधिकार देना चाहते थे लेकिन कांग्रेस ने उसका विरोध किया, उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा महिलाओं को सम्मान और अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बुंदेलखंड प्यासा नहीं रहेगा क्योंकि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान किया जा रहा है, इससे किसानों के साथ-साथ उद्योगों को भी फायदा मिलेगा और पलायन की समस्या खत्म होगी।

उन्होंने किसानों के हित में कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार 5 रुपए में बिजली कनेक्शन दे रही है और गेहूं की खरीद 2625 रुपए प्रति क्विंटल पर की जा रही है, साथ ही छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जा रही है और भविष्य में कीमत बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।

सीएम ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रही है और सांदीपनि विद्यालय आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राइवेट स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं, उन्होंने बताया कि टॉपर छात्रों को स्कूटी और मेधावी छात्रों को लैपटॉप दिए जा रहे हैं, साथ ही नरयावली में रानी अवंतीबाई के नाम पर विश्वविद्यालय की पहल भी की जा रही है।

कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं भी की गईं जिनमें आईटीआई में नए कोर्स, सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाएं, नए पुल, फ्लाईओवर और औद्योगिक विकास से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं, मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *