लखनऊ.लखनऊ में आयोजित पुलिस आरक्षियों की पासिंग आउट परेड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए, जहां उन्होंने देश में पहली बार 60,244 आरक्षियों की सीधी भर्ती 2025 बैच के इस बड़े आयोजन का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नव आरक्षियों को संबोधित करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को देश के बेहतरीन पुलिस बल के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार काम किया गया है और अब यह एक मॉडल और स्मार्ट पुलिस के रूप में उभर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से मिले ज्ञान, कौशल और मूल्यों का उपयोग करते हुए सभी आरक्षी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
सीएम योगी ने साफ कहा कि अब प्रदेश में अपराधियों के मन में डर है और पुलिस का मनोबल पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुआ है, जिससे कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर भी जोर देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कार्यबल अब 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
अपने संबोधन में उन्होंने प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ट्रेनिंग में जितना पसीना बहेगा, उतना ही कम खून बहेगा और अनुशासन ही पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत है, जो उसे हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार करता है।

