उज्जैन।मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एक वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक विवादों में घिर गए हैं। इंदौर से मंदसौर जाते समय वे उज्जैन के करीब उन्हेल क्षेत्र में आयोजित एक स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोला है।
वायरल वीडियो में एक किसान जीतू पटवारी को भगवान श्री राधा-कृष्ण की तस्वीर और धार्मिक संदेश अंकित दुपट्टा भेंट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं कि पटवारी ने दुपट्टा लेने के बाद अपने गले में पहले से मौजूद एक अन्य धार्मिक दुपट्टे को भी उतार दिया और दोनों दुपट्टों को नीचे मौजूद लोगों की ओर फेंक दिया। वीडियो सामने आने के बाद इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और जीतू पटवारी को निशाने पर लिया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह आचरण धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और सार्वजनिक जीवन में इस तरह का व्यवहार उचित नहीं माना जा सकता। भाजपा ने आरोप लगाया है कि धार्मिक प्रतीकों और श्रद्धा से जुड़े दुपट्टे को इस तरह हटाना और नीचे फेंकना सनातन संस्कृति तथा उसे भेंट करने वाले किसानों दोनों का अपमान है।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व की ओर से यह भी कहा गया कि जनप्रतिनिधियों को अपने व्यवहार में संयम और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए, क्योंकि उनके हर कदम और हर प्रतिक्रिया का सामाजिक प्रभाव पड़ता है। इस घटना को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस से जवाब मांग रही है।
वहीं दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर कांग्रेस की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो के संदर्भ, परिस्थितियों और उसकी वास्तविकता को लेकर भी पार्टी की ओर से कोई स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। ऐसे में यह मामला अब राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

