इछावर। सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मोलगा से रामनगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक युवक की खून से सनी लाश सड़क किनारे पड़ी मिली, जिसे देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि युवक के शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान अंकुश परमार के रूप में हुई है, जो ग्राम सतपीपलीया का रहने वाला था, घटना की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जहां माहौल गम और गुस्से से भर गया।
शव की स्थिति को देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी पुरानी रंजिश या विवाद के चलते युवक पर जानलेवा हमला किया गया और हमलावरों ने बेरहमी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है, साथ ही मृतक की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं ताकि इस हत्याकांड की गुत्थी को जल्द सुलझाया जा सके।

