महाकाल मंदिर में VIP दर्शन पर फिर विवाद! युवा कांग्रेस का विरोध, बोले- भगवान के दरबार में सबके लिए एक जैसी व्यवस्था हो

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था एक बार फिर विवादों में आ गई है। उज्जैन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और VIP तथा प्रोटोकॉल दर्शन व्यवस्था के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गले में तख्तियां पहनकर प्रशासन से मांग की कि मंदिर में सभी श्रद्धालुओं के लिए समान दर्शन व्यवस्था लागू की जाए।

युवा कांग्रेस के पदाधिकारी प्रितेश शर्मा का आरोप है कि श्रावण मास में प्रोटोकॉल दर्शन बंद होने की घोषणा के बावजूद कथित तौर पर VIP और प्रभावशाली लोगों को नंदी हॉल और चांदी द्वार से विशेष प्रवेश दिया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ लोगों को गर्भगृह तक पहुंचने की अनुमति भी मिल रही है, जबकि आम श्रद्धालु घंटों लंबी कतारों में इंतजार करने को मजबूर हैं।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गले में तख्तियां पहन रखी थीं, जिन पर लिखा था, “VIP संस्कृति बंद करो” और “सभी श्रद्धालुओं के लिए समान दर्शन व्यवस्था लागू करो।” उनका कहना था कि भगवान के दरबार में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि यदि श्रावण मास में विशेष दर्शन व्यवस्था बंद करने का फैसला लिया गया है, तो उसका पालन सभी लोगों पर समान रूप से किया जाए। इसके साथ ही भस्म आरती के पास वितरण की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, कथित अनियमितताओं की जांच कराने और मंदिर की दर्शन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे पहले भी मंदिर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से अब उन्होंने जनसुनवाई के माध्यम से दोबारा शिकायत दर्ज कर प्रशासन से निष्पक्ष और समान व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *