MP बोर्ड की दूसरी परीक्षा आज से शुरू, CM मोहन यादव बोले- सपने कभी रुकते नहीं

भोपाल। मध्यप्रदेश में आज से कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड की द्वितीय परीक्षा शुरू हो गई है। यह मौका उन विद्यार्थियों के लिए है जो पहली परीक्षा में सफल नहीं हो सके थे और अब उन्हें अपने भविष्य को नई दिशा देने का दूसरा अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस साल एमपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम पिछले 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा, लेकिन कुछ छात्र सफलता हासिल नहीं कर सके थे, ऐसे विद्यार्थियों के लिए सरकार ने द्वितीय परीक्षा का अवसर शुरू किया है।

सीएम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप केवल छात्र नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य की उज्ज्वल आशा हैं। जब आप अपने सपनों के लिए मेहनत करते हैं तो उसमें आपके परिवार, शिक्षकों और पूरे प्रदेश का विश्वास जुड़ा होता है।

उन्होंने कहा कि कई बार परिस्थितियां अनुकूल नहीं होतीं और परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं आते, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सपने खत्म हो गए। सपने कभी रुकते नहीं, वे सिर्फ सही मौके का इंतजार करते हैं और यह परीक्षा वही नया अवसर है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे इस समय बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और उनके साथ खड़े रहें, क्योंकि कई बार एक भरोसे भरा शब्द ही नई ऊर्जा देने का काम करता है।

उन्होंने कहा कि यह परीक्षा सिर्फ अंक सुधारने का मौका नहीं, बल्कि आत्मविश्वास को फिर से मजबूत करने का अवसर भी है। अंत में सीएम ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर वे जरूर सफलता हासिल करेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *