‘बाल बढ़ाने से चुनाव नहीं जीतते…’ ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- टोटकों के सहारे राजनीति कर रहे सपा सुप्रीमो

लखनऊ. योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। इस बार राजभर ने अखिलेश यादव के बढ़े हुए बालों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए अब टोटकों का सहारा लिया जा रहा है।

ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चुनाव जीतने के लिए अखिलेश यादव क्या-क्या नहीं कर रहे हैं। उन्होंने अपने बाल तक बढ़ा लिए हैं। अब यह किसी पंडित, ज्योतिषी या मौलाना की सलाह पर किया गया है, इसकी सच्चाई तो खुद अखिलेश यादव ही बता सकते हैं।

राजभर ने आगे कहा कि माता प्रसाद पांडे और रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी इस बारे में ज्यादा बेहतर बता सकते हैं, क्योंकि आजकल अखिलेश यादव की निजी बातचीत इन्हीं लोगों के साथ ज्यादा हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजम खान शायद ही कभी “कव्वालों जैसे बाल” बढ़ाने की सलाह देंगे।

ओपी राजभर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि चुनाव टोटकों से नहीं जीते जाते, बल्कि जमीन पर मेहनत और जनता के बीच पसीना बहाने से नेता बनते हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव का जिक्र करते हुए कहा कि वे टोटकों से नहीं बल्कि संघर्ष और मेहनत से बड़े नेता बने थे।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव चाहे जितने प्रयोग कर लें, जनता अब सब समझ चुकी है। अंत में उन्होंने “जय महाराजा सुहेलदेव, जय ओबीसी समाज और जय भारत” का नारा भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *