सपा सरकार बनी तो महाराणा प्रताप जयंती पर 2 दिन की छुट्टी! अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, गोमती रिवरफ्रंट पर बनेगी भव्य प्रतिमा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी, चुनाव आयोग और बंगाल चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार बनने पर कई बड़े ऐलान भी किए। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन का अवकाश घोषित किया जाएगा। साथ ही लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और प्रदेश में ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को सम्मान देने का काम किया जाएगा। उन्होंने गोमती रिवरफ्रंट को देश के सबसे शानदार प्रोजेक्ट्स में से एक बताते हुए कहा कि यह भविष्य के लिए एक मॉडल है, जिससे नदियों को साफ रखने और शहरों को सुंदर बनाने की दिशा में बड़ा संदेश जाता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए थे। कई लोग जब मतदान करने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनका नाम सूची में ही नहीं है, जबकि कुछ लोगों को दूसरे बूथों पर भेजा गया।

उन्होंने कहा कि 2019 में जिन लोगों ने मतदान किया था, 2022 में उनका वोट ही गायब मिला। अखिलेश ने इसे “मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया” करार देते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सभी विपक्षी दलों को मिलकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बचाना आज सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *