ग्वालियर। रिश्तों और भरोसे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पहले शादीशुदा महिला को प्रेमजाल में फंसाया, फिर निकाह का वादा कर उसका घर तुड़वा दिया और आखिर में शादी से साफ इनकार कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक शहर के सेवा नगर में रहने वाली 30 वर्षीय महिला की मुलाकात करीब पांच महीने पहले एक शादी समारोह में आपागंज निवासी अमन खान से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और आरोपी ने महिला को अपने प्यार और निकाह के वादों में उलझा लिया।
आरोप है कि अमन खान ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा और जिंदगीभर साथ निभाएगा। महिला आरोपी की बातों में आ गई और उसने अपने पति से तलाक तक ले लिया।
तलाक के बाद आरोपी महिला को नई सड़क स्थित एक होटल में लेकर पहुंचा, जहां निकाह का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला का आरोप है कि जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी उसे जल्द निकाह करने का भरोसा देकर शांत कर देता था।
लेकिन कुछ समय बाद जब महिला ने अमन पर निकाह का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। उसने यह कहकर शादी से इनकार कर दिया कि उसके परिवार ने उसकी सगाई कहीं और तय कर दी है।
इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर महिला सीधे इंदरगंज थाने पहुंची और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी अमन खान के खिलाफ केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

