बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल रविवार सुबह उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने के बाद अर्जुन रामपाल ने चांदी द्वार से दर्शन किए और फिर नंदी हॉल में काफी देर तक बैठकर शिव भक्ति में लीन नजर आए।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अभिनेता ने कहा कि बाबा महाकाल का बुलावा था, इसलिए वह यहां खिंचे चले आए। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले जब उनकी फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ की शूटिंग शुरू हो रही थी, तब भी वह बाबा का आशीर्वाद लेने उज्जैन आए थे।
अर्जुन रामपाल ने कहा कि अब जब फिल्म को सफलता और लोगों का प्यार मिला है, तो वह बाबा महाकाल का धन्यवाद करने पहुंचे हैं। उन्होंने उज्जैन की आध्यात्मिक ऊर्जा की भी जमकर तारीफ की और कहा कि यहां आकर उन्हें हमेशा मानसिक शांति और अलग तरह का सुकून महसूस होता है।

अभिनेता ने अपने प्रशंसकों से भी अपील की कि हर व्यक्ति को जीवन में एक बार बाबा महाकाल के दर्शन करने जरूर आना चाहिए।
इसी दौरान प्रसिद्ध गायिका इशिता विश्वकर्मा भी महाकाल मंदिर पहुंचीं। उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अभिनेता अर्जुन रामपाल और गायिका इशिता विश्वकर्मा का स्वागत भी किया गया।

