यूपी की राजनीति में आज बड़ा दिन! योगी सरकार में होगा मंत्रिमंडल विस्तार, 6 नए चेहरों को मिल सकती है जगह

उत्तर प्रदेश की राजनीति में आज बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम होने जा रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार आज दोपहर 3 बजे जन भवन में आयोजित होगा, जहां राज्यपाल नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।

सूत्रों के मुताबिक इस मंत्रिमंडल विस्तार में करीब 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें 6 नए चेहरों को मौका मिलने की चर्चा है, जबकि कुछ मौजूदा राज्यमंत्रियों को प्रमोशन देकर स्वतंत्र प्रभार और कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।

राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और जातीय समीकरणों पर खास फोकस किया गया है। पासी समाज से कृष्णा पासवान, वाल्मीकि समाज से सुरेंद्र दिलेर, लोधी समाज से कैलाश राजपूत और ओबीसी चेहरे के तौर पर हंसराज विश्वकर्मा के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। वहीं जाट समाज से भूपेंद्र चौधरी का नाम भी मंत्री पद की रेस में माना जा रहा है।

इसके अलावा समाजवादी पार्टी के बागी विधायक मनोज पांडेय और पूजा पाल को भी मंत्री बनाए जाने की अटकलें तेज हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा इस विस्तार के जरिए पश्चिम यूपी से लेकर पूर्वांचल तक जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है।

अगर भाजपा के वर्तमान विधायकों की बात करें तो पार्टी के पास 258 विधायक हैं, जिनमें राजपूत, ब्राह्मण, ओबीसी, दलित और अन्य सवर्ण वर्ग का बड़ा प्रतिनिधित्व है। इसी आधार पर पार्टी आगामी चुनावों को देखते हुए नए सामाजिक समीकरण मजबूत करने में जुटी है।

मंत्री पद के संभावित चेहरों में भूपेंद्र चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। पश्चिमी यूपी में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और वे पहले भी योगी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वहीं कृष्णा पासवान को दलित वोट बैंक को साधने के लिहाज से अहम चेहरा माना जा रहा है।

पूर्वांचल में ओबीसी राजनीति को मजबूत करने के लिए हंसराज विश्वकर्मा का नाम लगभग तय बताया जा रहा है। वहीं सुरेंद्र दिलेर पश्चिमी यूपी में दलित राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते हैं।

इसके अलावा कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश राजपूत को भी अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। माना जा रहा है कि भाजपा समाजवादी पार्टी के गढ़ में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए उन्हें मौका दे सकती है।

सूत्रों के मुताबिक सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल सिंह को प्रमोशन भी मिल सकता है। लखनऊ में कल रात से ही राजनीतिक हलचल तेज है और अब सबकी नजरें आज होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *