रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। सांची क्षेत्र से भेरूंदा के लिए रवाना हुई बस अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान बस में सवार एक युवक बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
जानकारी के मुताबिक रायसेन जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को बसों के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान सांची क्षेत्र से निकली एक बस रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। बस के बिजली के खंभे से टकराते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग घबराकर बस से बाहर निकलने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया गया। घायल युवक को पहले सांची अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। फिलहाल घटना को लेकर जांच की जा रही है।

