बरगी बांध क्रूज हादसे की होगी न्यायिक जांच, रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोग गठित, 3 महीने में सौंपेगा रिपोर्ट

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक बरगी बांध क्रूज हादसे के बाद अब राज्य सरकार ने मामले की न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया है। सरकार ने इस हादसे की जांच के लिए रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया है। आयोग को पूरे मामले की जांच कर तीन महीने के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपनी होगी।

सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक आयोग हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल करेगा और यह भी जांच करेगा कि इस घटना के लिए आखिर जिम्मेदार कौन था। इसके साथ ही हादसे के बाद मौके पर किए गए बचाव कार्यों और राहत व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।

इतना ही नहीं, आयोग प्रदेश में संचालित सभी नौकाओं और क्रूज गतिविधियों का सुरक्षा ऑडिट भी करेगा। साथ ही क्रूज और नौकाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए एक समान मानक प्रक्रिया तैयार करने और जल गतिविधियों वाले क्षेत्रों में क्विक रिस्पांस टीम गठित करने जैसे अहम सुझाव भी देगा।

दरअसल 30 अप्रैल 2026 की शाम जबलपुर के बरगी बांध में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित क्रूज अचानक आए तेज तूफान और आंधी की चपेट में आ गया था। बताया गया कि 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण क्रूज असंतुलित होकर पलट गया था। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे प्रदेश में शोक और नाराजगी का माहौल बन गया था।

अब न्यायिक जांच आयोग से उम्मीद की जा रही है कि हादसे की असली वजह सामने आएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *